Apr 15, 2026
govt-ads

22 अप्रैल को खुलेंगे बाबा केदार के कपाट,  19 को ऊखीमठ से रवाना होगी बाबा की चल विग्रह उत्सव डोली

post-img


जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की पंजीकरण और नियमों के पालन की अपील
रुद्रप्रयाग।विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक पूजा-अर्चना और सनातन रीति-रिवाजों के साथ होने वाले इस भव्य कपाटोद्घाटन को लेकर जनपद में भारी उत्साह का माहौल है। जिला प्रशासन ने यात्रा को सुगम बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
भगवान केदारनाथ की चल-विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ’’ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ’’ से धाम के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा का कार्यक्रम इस प्रकार हैः
18 अप्रैल : ओंकारेश्वर मंदिर में सांयकालीन आरती के बाद भैरवनाथ पूजा संपन्न होगी।
19 अप्रैल : बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ से प्रस्थान कर प्रथम पड़ाव फाटा पहुंचेगी।
20 अप्रैल : फाटा से रवाना होकर डोली गौरीकुंड’’ स्थित गौरीमाई मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी।
21 अप्रैल : डोली गौरीकुंड से पैदल मार्ग होते हुए ’’केदारनाथ धाम’’ पहुंचेगी और मंदिर भंडार गृह में स्थापित की जाएगी।
22 अप्रैल : प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलने के साथ ही यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा।
प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील’

रुद्रप्रयाग। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु यात्रा पर आने से पूर्व’अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण’’ सुनिश्चित करें। निर्धारित तिथियों और स्लॉट के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सरकारी गाइडलाइन्स का पूर्ण पालन करें।
केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद है। हमारा प्रयास है कि हर श्रद्धालु को बाबा के दर्शन सुलभता से हों और उनकी यात्रा सुरक्षित रहे। - जिला प्रशासन, रुद्रप्रयाग