Apr 10, 2026
govt-ads

ऊखीमठ में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव, स्कूलों में 878 नौनिहालों ने लिया प्रवेश

post-img

ऊखीमठ। विकासखंड के समस्त विद्यालयों में प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय परिसरों में रंगारंग कार्यक्रमों, स्वागत गीतों और प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे नौनिहालों में शिक्षा के प्रति उत्साह और उमंग देखने को मिली। राजकीय इंटर कॉलेज ऊखीमठ में प्रवेश उत्सव का शुभारंभ उप शिक्षा अधिकारी सुश्री तनुजा देवराड़ी ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्पमालाओं के साथ स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं । वहीं, जूनियर हाईस्कूल/प्राथमिक विद्यालय पाली फापंज में डायट रतूड़ा प्रवक्ता डॉ विनोद यादव एवं डॉ विजय कुमार चौहान ने संयुक्त रूप से प्रवेश उत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। पूरे विकासखंड के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में भी प्रवेश उत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी के बीच नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत पारंपरिक एवं नवाचारपूर्ण तरीकों से किया गया। विद्यालयों को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा बच्चों को पुस्तकें, बैग एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। इस वर्ष ऊखीमठ विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालयो में 266, जूनियर हाईस्कूलों में 126 तथा माध्यमिक विद्यालयो 386 सहित सभी विद्यालयों में कुल 878 नौनिहालों ने प्रवेश लिया, जो शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में रुचि दिखाई, जिससे विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन में शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने एक स्वर में शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताते हुए अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य विश्वनाथ बेजवाल, वीआरसी प्रज्ञा सेमवाल, प्रधानाध्यापक पुष्पा धिरवाण, कमला आर्य, नन्द किशोर नेगी, देवानंद गैरोला, सुनीता भण्डारी सहित 106 प्राथमिक विद्यालय, 30 जूनियर हाईस्कूल, 5 हाईस्कूल तथा 17 इन्टर कालेजों के अध्यापक व अभिभावक मौजूद थे।