अगस्त्यमुनि/रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि बाजार के ऊपर निर्माणाधीन एनएच-107 बाईपास सड़क को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। बसन्त विहार कॉलोनी के निवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र गोस्वामी के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर बरसाती गदेरों के पानी की उचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि निर्माणाधीन बाईपास मार्ग पर तीन से चार प्रमुख बरसाती गदेरे पड़ते हैं, जिनमें मानसून के दौरान भारी मात्रा में पानी और मलबा आता है। वर्तमान में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यह पानी सीधे बसन्त विहार कॉलोनी, अगस्त्यमुनि बाजार के आवासीय क्षेत्रों, दुकानों तथा कृषि भूमि में प्रवेश कर जाता है। इससे हर वर्ष घरों और दुकानों में मलबा भरने, खेतों में फसल क्षति, भूमि कटाव तथा रास्तों और सुरक्षा दीवारों को नुकसान जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के दौरान भी कई घरों में पानी घुस गया। बस्ती के ठीक पीछे बनाए जा रहे कल्बटों के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि बाईपास निर्माण कार्य के दौरान ही गदेरों पर मजबूत नालियों और वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि बरसाती पानी को सुरक्षित रूप से आबादी वाले क्षेत्र से बाहर निकाला जा सके।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते प्रभावी जल निकासी योजना लागू नहीं की गई और भविष्य में किसी प्रकार की जन-धन हानि होती है, तो इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग जिम्मेदार होगा।
इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता ई. औंकार पाण्डेय ने स्थानीय लोगों के साथ बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक ड्रेनेज प्लान तैयार किया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी के संज्ञान में भी यह मामला है तथा इसके लिए एक समिति गठित की गई है। समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद स्थानीय जनता से संवाद स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
वहीं स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि यदि मानसून से पहले जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्र को फिर से बाढ़ और मलबे की समस्या का सामना करना पड़ सकता है, जिससे जनजीवन और व्यापार बुरी तरह प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य के साथ-साथ प्रभावी ड्रेनेज योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र गोस्वामी, सभासद उमा कैन्तुरा, पं. अनिल बेंजवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष त्रिभुवन नेगी, राजेन्द्र पुरोहित, चन्द्र सिंह रावत, दिग्पाल सिंह नेगी, चन्द्र सिंह राणा, गजे सिंह कण्डारी, सुशील नेगी, विजय बंगरवाल, प्रकाश खत्री, कुशलानन्द भट्ट सहित अनेक स्थानीय नागरिक शामिल रहे।