जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी के पत्र पर डीएम कार्यालय सक्रिय,
एसडीएम ऊखीमठ व ईओ नगर पंचायत को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश,
रुद्रप्रयाग। गुप्तकाशी में भारी वर्षा और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई दुकानों के मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए राहत प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गुप्तकाशी को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक क्षति का आकलन करने और नियमानुसार आपदा राहत के अंतर्गत मुआवजा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित मैखंडी द्वारा भेजे गए पत्र (संख्या-107/डीपीसी/2026, दिनांक 28 जुलाई 2026) के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि 28 जुलाई 2026 को तड़के लगभग 1:30 बजे गुप्तकाशी स्थित जीएमवीएन के समीप अत्यधिक वर्षा एवं भूस्खलन के कारण ओम प्रकाश गोस्वामी एवं केशव प्रसाद बहुगुणा की दुकानें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। दोनों दुकानों के लगभग पूरी तरह नष्ट हो जाने से संबंधित परिवारों के समक्ष आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर वास्तविक क्षति का विस्तृत आकलन करें तथा अपनी संस्तुति सहित शीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं, ताकि आपदा राहत नियमावली के अंतर्गत प्रभावित दुकानदारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।
इस कार्रवाई से आपदा प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी ने कहा कि गुप्तकाशी में आपदा से प्रभावित दुकानदारों की आजीविका पर गंभीर संकट आया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत दिलाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मामले का संज्ञान लेकर संयुक्त निरीक्षण के निर्देश जारी करना सकारात्मक कदम है। उम्मीद है कि वास्तविक क्षति का निष्पक्ष आंकलन कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन को आपदा प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ा रहना चाहिए।