रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश से क्षतिग्रस्त गंगानगर–फलाई मोटर मार्ग का शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मार्ग को शीघ्र सुचारु करने के लिए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लगातार वर्षा के कारण मार्ग के कई हिस्सों में मलबा जमा हो गया है, जबकि फलाई की ओर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अपर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क से मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू किया जाए, ताकि मार्ग को सुरक्षित बनाते हुए जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु किया जा सके।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में संवेदनशील स्थलों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा कहीं भी मार्ग बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न होने दी जाए।