May 02, 2026

औषधि भंडारण एवं रखरखाव का औचक निरीक्षण, 8 दवाओं के नमूने जांच को लेकर भेजे,

post-img

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों के दृष्टिगत केंद्रीय औषधि भंडार, पशु चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में औषधियों के भंडारण एवं रखरखाव का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण औषधि निरीक्षक अमित कुमार आज़ाद ने किया।

निरीक्षण के दौरान औषधियों के सुरक्षित भंडारण, उचित रखरखाव तथा वितरण प्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही औषधियों के स्टॉक एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच की गई। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कुल 8 औषधियों के नमूने एकत्र कर परीक्षण हेतु राजकीय विश्लेषणशाला, रुद्रपुर (उत्तराखंड) भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्यवाही चारधाम यात्रा की तैयारियों के तहत की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान पशुओं को गुणवत्तापरक एवं सुरक्षित दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि औषधियों के भंडारण, वितरण एवं उपयोग में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार गोयल, मुख्य पशु फार्मेसी अधिकारी टीकाराम मैंठानी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।