govt-ads

बाल विवाह के खिलाफ जागरूक हुए छात्र-छात्राएं, कानून और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी,

Blog
 Image

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत इंटर कॉलेज पठालीधार में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, बाल अधिकारों एवं संरक्षण के प्रति किया जागरूक,

रुद्रप्रयाग। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विकासखंड जखोली के इंटर कॉलेज पठालीधार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। 

 

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक सुरेंद्र सिंह रावत, काउंसलर सृष्टि कंडारी, केस वर्कर अखिलेश सिंह तथा बाल कल्याण समिति की सदस्य गीता मलासी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह न केवल बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास को प्रभावित करता है, बल्कि कानूनन अपराध भी है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी) में भी बाल विवाह को कानून के विरुद्ध माना गया है।

 

चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक सुरेंद्र सिंह रावत ने चाइल्ड हेल्पलाइन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि संकट में फंसे बच्चों की सहायता के लिए 1098 हेल्पलाइन संचालित है। किसी भी बच्चे के साथ शोषण, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति होने पर इस नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

 

वहीं, बाल कल्याण समिति की सदस्य गीता मलासी ने समिति के कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, उचित देखभाल और सम्मान के साथ बेहतर भविष्य पाने का अधिकार है। उन्होंने बच्चों के संरक्षण, सुरक्षा एवं पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।

 

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा बाल विवाह सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।