डॉ. रतिका सोलंकी ने किया पुलिसकर्मियों के दांतों का परीक्षण, उपचार के साथ वितरित कीं ओरल केयर किट,
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में विषम भौगोलिक परिस्थितियों, कड़ाके की ठंड और कम ऑक्सीजन के बीच तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था में जुटे पुलिस जवानों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. रतिका सोलंकी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के दांतों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं के सफल संचालन के लिए जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान दिन-रात अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ ही पुलिसकर्मी देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सहायता में लगातार जुटे रहते हैं। कठिन परिस्थितियों में निरंतर ड्यूटी कर रहे जवानों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए इस विशेष शिविर की पहल की गई।
शिविर का आयोजन जनपद रुद्रप्रयाग में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह के विशेष प्रयासों से देहरादून स्थित ‘डेंटारा.इन क्लीनिक’ तथा ‘आदित्य रामदास फाउंडेशन’ के सहयोग से किया गया। फाउंडेशन की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. रतिका सोलंकी ने शिविर में पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के दांतों एवं मौखिक स्वास्थ्य की जांच की।
इस दौरान जवानों को दांतों की नियमित सफाई, मौखिक स्वच्छता बनाए रखने तथा ठंड के मौसम में होने वाली दंत एवं मुख संबंधी समस्याओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही, दांतों की सामान्य और तात्कालिक समस्याओं का मौके पर ही उपचार किया गया। पुलिसकर्मियों को नियमित दंत देखभाल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ओरल केयर किट भी वितरित की गईं।
केदारनाथ धाम की कठिन परिस्थितियों में पुलिस जवानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिकूल मौसम और सीमित संसाधनों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले इन जवानों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए आयोजित यह शिविर उपयोगी पहल साबित हुआ। शिविर के माध्यम से पुलिसकर्मियों को न केवल उपचार मिला, बल्कि मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
इस पहल के लिए केदारनाथ धाम में तैनात पुलिस जवानों ने डॉ. रतिका सोलंकी के प्रति आभार व्यक्त किया। जवानों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए किए गए इस प्रयास को सराहनीय बताया गया।

