Jul 04, 2026

मिनी मैराथन में सचिन और दिव्या रहे अव्वल, नशा मुक्त भारत की दिलाई गई शपथ,

post-img

रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सेवा सप्ताह के अवसर पर शनिवार को अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालक एवं बालिका वर्ग की मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सचिन और बालिका वर्ग में दिव्या ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह रावत ने बताया कि बालक वर्ग की 3 किलोमीटर तथा बालिका वर्ग की 1.5 किलोमीटर मिनी मैराथन स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि से शुरू होकर सौरगढ़ पुल तक निर्धारित मार्ग पर आयोजित की गई और प्रतिभागियों ने स्टेडियम में वापस पहुंचकर दौड़ पूरी की।

प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सचिन (पुत्र बीरबल सिंह) प्रथम रहे। इसके बाद दिव्यांशु, अभिजीत, आयुष, रोहित और प्रियांशु ने क्रमशः द्वितीय से षष्ठम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में दिव्या (पुत्री मनोज सिंह) ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिवानी, माधुरी, सिया, आरूषी और साक्षी ने क्रमशः द्वितीय से षष्ठम स्थान प्राप्त कर पुरस्कार अर्जित किए।

प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई और समाज को नशे से मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, सहायक प्रशिक्षक (एथलेटिक्स) मनोज चौहान, मनवर सिंह, दीपक रावत, अजीत सिंह, रुचि भारती सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।