Jun 11, 2026

यूकेएसएसएससी परीक्षा को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस हाई अलर्ट पर, सभी 16 परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य,

post-img

एसपी नीहारिका तोमर के निर्देश पर व्यापक सुरक्षा घेरा तैयार, नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर रहेगी कड़ी नजर,

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आगामी 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और पूर्णतः नकल विहीन बनाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर के सख्त निर्देशों के बाद जनपद के सभी 16 परीक्षा केंद्रों को सुरक्षा कवच में ले लिया गया है।

परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा रणनीति तैयार की है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल, पेपर लीक अथवा सॉल्वर गैंग की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस और खुफिया तंत्र को विशेष रूप से सक्रिय कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गुरुवार को परीक्षा के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर, कोतवाली प्रभारी रुद्रप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी, थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि गुमान सिंह तथा थानाध्यक्ष ऊखीमठ मनोज नेगी ने अपने-अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत सभी परीक्षा केंद्रों का विस्तृत और धरातलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं अन्य अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। परीक्षा कक्षों, स्ट्रॉन्ग रूम, प्रवेश एवं निकास द्वारों के साथ-साथ केंद्र परिसरों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का गहन सुरक्षा ऑडिट किया गया।

परीक्षा दिवस पर प्रत्येक परीक्षा केंद्र में पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मियों तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) के अधिकारियों की तैनाती रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परीक्षा की पवित्रता को प्रभावित करने, नकल कराने, अभ्यर्थियों को गुमराह करने अथवा किसी भी प्रकार के अवैध कृत्य में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों, नकल माफिया और सॉल्वर गैंग के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अभ्यर्थियों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अवैध गतिविधि के झांसे में न आएं और परीक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें।

14 जून को होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस का सुरक्षा तंत्र पूरी तरह सक्रिय है और जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर किसी प्रकार की आंच न आने पाए।