May 29, 2026

नितिन नबीन ने उत्तराखंड में भाजपा की ग्रामीण रणनीति की समीक्षा की

post-img

​देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तराखंड दौरे का आज दूसरा दिन संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहा। पहले दिन से ही लगातार बैठकों का दौर जारी है और दूसरे दिन भी पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण मंथन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों के साथ विशेष बैठक कर आगामी चुनावों के लिए संगठन और सरकार दोनों को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सभी सांसदों और विधायकों को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लक्ष्य मानकर अभी से जमीनी स्तर पर सक्रिय होने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों को गांव.गांव तक पहुंचाना होगा। महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने पर जोर दिया है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 बुद्धिजीवियों की सूची तैयार कर उनसे लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, बूथ टोली के सत्यापन और कमजोर बूथों को सशक्त बनाने के लिए मंडल संगठन के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है। बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और अपने कार्यों की जानकारी जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचानी होगी। इसके लिए उन्होंने विधायकों और संगठन पदाधिकारियों को सुझाव दिया कि सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियों और स्थानीय विकास कार्यों का विस्तृत पंपलेट तैयार कर गांव-गांव वितरित किया जाए, ताकि जनता तक योजनाओं और विकास कार्यों की सही जानकारी पहुंच सके। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दावा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा दिए गए सभी सुझाव और रणनीतियां वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को मजबूती प्रदान करेंगी और पार्टी एक बार फिर बड़ी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन अभी से चुनावी मोड में आ चुका है और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है।