Jun 21, 2026

नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण: प्रशासन-पुलिस पूरी तरह सतर्क, हेमकुंड साहिब व चारधाम यात्रा निर्बाध जारी,

post-img

नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण: प्रशासन-पुलिस पूरी तरह सतर्क, 

हेमकुंड साहिब व चारधाम यात्रा निर्बाध जारी,

अफवाहों से बचें, गुरुद्वारे में लंगर, अरदास और श्रद्धालुओं का आवागमन सामान्य,

 प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील,

रूद्रप्रयाग। नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुई घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गुरुद्वारे की स्थिति नियंत्रण में है तथा श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुचारू और निर्बाध रूप से संचालित हो रही है। अधिकारियों ने आमजन, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सावधान रहने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने बताया कि 20 जून को अपराह्न लगभग 3:40 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी की स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलते ही घोलतीर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि गुरुद्वारे के सेवादारों और वहां पहुंचे कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच किसी विषय को लेकर मतभेद उत्पन्न हुआ था। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखी तथा दोनों पक्षों से वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसी दौरान कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए और वहां जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार संबंधित व्यक्तियों के संपर्क में है और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा एक निहंग सिख छत से नीचे उतरकर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के साथ बातचीत कर रहा है। अन्य व्यक्तियों से भी लगातार संवाद जारी है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कई जानकारियां भ्रामक और तथ्यहीन हैं। गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है और न ही किसी व्यक्ति को बंधक बनाया गया है। गुरुद्वारे में लंगर सेवा, अरदास एवं अन्य धार्मिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। श्रद्धालु एवं यात्री सामान्य रूप से गुरुद्वारे में पहुंच रहे हैं, ठहर रहे हैं और अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूर्णतः सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। सभी यात्रा मार्ग खुले हैं, कहीं भी यातायात अवरुद्ध नहीं है तथा श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। सड़क मार्गों पर भी आवागमन सामान्य बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि कुछ माध्यमों से यात्रा प्रभावित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा व्यवस्थाओं पर इस घटना का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। जिलाधिकारी ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनसे निश्चिंत होकर यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने भी दोहराया कि चारधाम यात्रा एवं श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना को साझा करने से बचें और केवल प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

 

बॉक्स न्यूज -

 

नगरासू गुरुद्वारा मामला: आखिर शंखनाद का क्या है संदेश? विवाद के बीच गूंजी शंख ध्वनि से बढ़ीं चर्चाएं,

रुद्रप्रयाग। नगरासू गुरुद्वारा विवाद के बीच एक नया घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया है। गुरुद्वारे में चल रहे तनाव और कब्जे के आरोपों के बीच दूसरे दिन सायंकाल अचानक शंखनाद किए जाने से स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

प्रत्यक्षदर्शी अनुसूया मलासी के अनुसार, गुरुद्वारे परिसर से गूंजी शंख ध्वनि को सुनकर आसपास के लोग हैरान रह गए। लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा कि आखिर इस शंखनाद के पीछे क्या संदेश छिपा है और इसे ऐसे संवेदनशील समय में क्यों किया गया।

पहले से ही विवादों और आरोप-प्रत्यारोपों के केंद्र बने इस मामले में शंखनाद की घटना ने नई बहस को जन्म दे दिया है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

फिलहाल, प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, जबकि गुरुद्वारा विवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर लगातार जारी है।

 

बॉक्स न्यूज 

 

संचालक बेहंत सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की उठाई मांग,

कहा- दोबारा हो सकती है ऐसी घटना, गुरुद्वारा परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करे प्रशासन, 

छत पर चढ़े निहंग सिखों द्वारा तोड़फोड़ से चिंतित गुरुद्वारा प्रबंधन, संबंधित लोगों को पंजाब भेजने की मांग,

रुद्रप्रयाग। जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारा लंगर दमदमा साहिब के संचालक बेहंत सिंह ने गुरुद्वारा परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हाल ही में हुई घटनाओं के बाद भविष्य में भी इस प्रकार की परिस्थितियां उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है।

बेहंत सिंह ने आरोप लगाया कि गुरुद्वारे की छत पर चढ़े निहंग सिखों द्वारा परिसर में तोड़फोड़ की गई, जिससे गुरुद्वारा प्रबंधन और संगत में चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

गुरुद्वारा प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि छत पर डटे निहंग सिखों को तत्काल वहां से हटाकर पंजाब भेजा जाए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे और किसी भी प्रकार के तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

 

 

 

बॉक्स न्यूज 

श्रद्धालुओं को बंधक बनाए जाने का वीडियो वायरल, चर्चाओं का बाजार गर्म,

रुद्रप्रयाग। नगरासू स्थित गुरुद्वारे में चल रहे विवाद के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा एक श्रद्धालु को बांधकर रखने और बाद में उसे छोड़ने का दावा किया जा रहा है। वहीं, एक अन्य श्रद्धालु को कृपाण नहीं सौंपने के विवाद में कथित तौर पर रोके जाने की बात भी सामने आ रही है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बीते शनिवार को गुरुद्वारे के एक सेवादार को कुछ समय तक बंधक बनाए रखने के बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके अलावा एक अन्य श्रद्धालु को भी कथित रूप से गुरुद्वारे परिसर में रोके जाने का दावा किया जा रहा है।

हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद पूरे रुद्रप्रयाग जिले में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोग और विभिन्न संगठन इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को लेकर लगातार गतिविधियां जारी हैं। बताया जा रहा है कि नगरासू गुरुद्वारे को लेकर चल रहा विवाद पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ है और अब वायरल वीडियो ने मामले को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है।