Jul 26, 2026

मानसून में रहस्यमयी हुई केदारपुरी, कोहरे की चादर में छिपे बाबा केदार के दिव्य दर्शन,

post-img

14.15 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बारिश के बीच भी अटूट आस्था का सैलाब, प्रकृति और अध्यात्म का अद्भुत संगम,

प्रवीन रावत

रुद्रप्रयाग। हिमालय की गोद में बसे विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में मानसून ने प्रकृति का ऐसा अद्भुत श्रृंगार किया है, जिसे देखकर हर श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहा है। इन दिनों पूरी केदारपुरी घने बादलों और कोहरे की सफेद चादर में लिपटी हुई है। कभी बादलों के बीच से बाबा केदार का दिव्य धाम झलकता है तो अगले ही पल कोहरे की रहस्यमयी परतें मंदिर को अपने आगोश में समेट लेती हैं। प्रकृति का यह अलौकिक रूप श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया है।

बारिश और ठंडी हवाओं के बीच मंदिर परिसर का हर दृश्य किसी स्वर्गिक लोक का एहसास करा रहा है। चारों ओर बर्फीले पहाड़, उन पर अठखेलियां करते बादल और बीचों-बीच हजारों वर्षों से अडिग खड़ा बाबा केदार का दिव्य मंदिर आस्था और प्रकृति के अनुपम संगम का साक्षी बना हुआ है। धाम पहुंचने वाला हर श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरे और दिल में कैद कर रहा है।

लगातार हो रही वर्षा और मौसम की अनिश्चितता के कारण यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन बाबा केदार के दर्शन की चाह रखने वाले भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही। कठिन पैदल यात्रा और प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालु पूरे विश्वास के साथ धाम पहुंच रहे हैं और स्वयं को सौभाग्यशाली मान रहे हैं।

बीकेटीसी सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि वर्तमान में श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम होने के कारण दर्शन पूरी तरह सुगमता और व्यवस्थित ढंग से कराए जा रहे हैं। जो भी भक्त बाबा के द्वार पहुंच रहे हैं, उन्हें बिना किसी परेशानी के दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।

मौसम की तमाम चुनौतियों के बावजूद इस वर्ष केदारनाथ यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। प्रशासन के अनुसार अब तक 14 लाख 15 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं। यह आंकड़ा साबित करता है कि विपरीत परिस्थितियां भी शिवभक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकतीं।

मानसून के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस, एसडीआरएफ और संबंधित विभाग मुस्तैद हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे।

मानसून के बीच केदारपुरी का यह अद्भुत और अलौकिक स्वरूप न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को और प्रगाढ़ कर रहा है, बल्कि यह संदेश भी दे रहा है कि प्रकृति की गोद में बसे बाबा केदार का दरबार हर मौसम में अपनी दिव्यता और आध्यात्मिक आभा से भक्तों को आकर्षित करता है।