रुद्रप्रयाग। देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी आज सुबह भगवान केदारनाथ के दर्शन के लिए केदारनाथ धाम पहुंचे। बद्रीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद वे हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे, जहां तीर्थ पुरोहित समाज एवं बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
केदारनाथ मंदिर पहुंचकर मुकेश अंबानी ने विधि-विधान के साथ बाबा केदार का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने देश-दुनिया में सुख, शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की। पूजा के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।
धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध मुकेश अंबानी की भगवान शिव और केदारनाथ धाम के प्रति विशेष श्रद्धा रही है। वे लगभग प्रत्येक वर्ष बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंचते हैं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
धाम में उनके आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुकेश अंबानी वापस लौट गए। उनके इस दौरे को लेकर तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों में विशेष उत्सुकता बनी रही।