Apr 05, 2026
govt-ads

केदारनाथ यात्रा तैयारियों का विधायक आशा नौटियाल ने लिया जायजा, गुप्तकाशी से गौरीकुंड व घोड़ा पड़ाव तक निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधाओं पर विशेष जोर

post-img

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा शुरू होने में महज अब तीन सप्ताह का समय शेष रह गया है। ऐसे में यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप देने को लेकर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यापक जायजा लिया। विधायक ने गुप्तकाशी से गौरीकुंड होते हुए घोड़ा पड़ाव तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति से अवगत कराया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 के अंतर्गत गुप्तकाशी तिराहा, बड़ासू, खुमेरा, मैंखंडा, व्योगाड़, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग एवं मुनकटिया जैसे भूस्खलन व भू-धंसाव संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग पर पड़े मलबे को शीघ्र हटाने, नालियों की नियमित सफाई, तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य यात्रा शुरू होने से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सड़क मरम्मत (पैचवर्क), झाड़ी कटान, आवश्यक साइनेज, क्रैश बैरियर व सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति भी परखी गई। स्वच्छता व्यवस्था के तहत यात्रा मार्ग पर पर्याप्त शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीन, नियमित सफाई एवं जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख स्थानों पर सोलर लाइट की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। सीतापुर पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, मैकेनिक सुविधा, कैंटीन, शौचालय एवं पुलिस चेकपोस्ट की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग तथा विश्राम स्थलों पर बेंच लगाने के निर्देश भी दिए गए। घोड़ा पड़ाव तक निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्थानीय होटल संचालकों एवं घोड़ा-खच्चर संचालकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन यात्रा को ग्रीन, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं और समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर में क्षतिग्रस्त दीवार का निर्माण दस अप्रैल तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि मुनकटिया क्षेत्र में कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री स्तर से यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष रावत, जिला महामंत्री राय सिंह राणा, भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन जमलोकी, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत संजय कुमार, प्रतिनिधि सुलभ धनंजय पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।