Apr 05, 2026
govt-ads

नकलरोधी कानून की सफलता का बंगाल में होगा जिक्र: सीएम धामी चुनावी मंच से घेरेंगे ममता सरकार को

post-img

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहली बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचार करने जा रहे हैं। छह अप्रैल को वे बंगांव में भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होंगे और इसके बाद भव्य रोड शो कर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सीएम धामी की मांग लगातार बढ़ रही है। छह अप्रैल को बगड़ा विधानसभा सीट से सोमा ठाकुर, बंगांव उत्तर से अशोक कृतानिया, बंगांव दक्षिण से स्वप्न मंजूमदार और गैघाटा विधानसभा से शुभराता ठाकुर के नामांकन में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। नामांकन कार्यक्रम के बाद बंगांव रेलवे स्टेशन से चुनावी सभा स्थल तक वे रोड शो करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने तरकश में समान नागरिक संहिता , नकलरोधी कानून, सख्त धर्मांतरण रोकथाम कानून और उत्तराखंड के अन्य ऐतिहासिक फैसलों को लेकर पश्चिम बंगाल की जनता के सामने जाएंगे। वे ममता बनर्जी सरकार पर सियासी प्रहार करते हुए उत्तराखंड में अपनी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहित के फैसलों को जनता के समक्ष रखकर वोट की अपील करेंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि सीएम धामी की छवि एक साफ-सुथरे, विकासोन्मुखी और मजबूत फैसले लेने वाले नेता के रूप में जानी जाती है। इसलिए पार्टी उन्हें बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार के लिए भेज रही है। बंगांव क्षेत्र में रोड शो और सभा के जरिए स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय मुद्दों को भी जोर-शोर से उठाया जाएगा। यह सीएम धामी का पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार का पहला कार्यक्रम है। पार्टी की रणनीति के तहत वे आने वाले दिनों में बंगाल के अन्य क्षेत्रों में भी प्रचार कर सकते हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा है कि वे पश्चिम बंगाल की जनता को उत्तराखंड के समग्र विकास मॉडल से रू-ब-रू कराएंगे और बताएंगे कि कैसे मजबूत इच्छाशक्ति और सही नीतियों से राज्य को आगे बढ़ाया जा सकता है।