Jun 11, 2026

खलियान बांगर और पुजारगांव में आपदा से भारी तबाही, खेत-खलिहान बर्बाद, मुआवजे की मांग तेज

post-img

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के खलियान बांगर और पुजारगांव में आई भीषण प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। आपदा के चलते ग्रामीणों के खेत-खलिहान, नगदी फसलें और सब्जी उत्पादन पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

 

आपदा के कारण पेयजल योजनाएं, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई नहरें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली पुलियाएं और संपर्क मार्ग मलबे की चपेट में आने से कई स्थानों पर आवागमन बाधित हो गया है। खलियान गांव में एक महिला का आवासीय मकान भी पूरी तरह जमींदोज हो गया।

 

सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता मोहित डिमरी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकानों, बह चुके खेतों और बंद पड़े संपर्क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिया।

 

निरीक्षण के दौरान मोहित डिमरी ने जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर आपदा से हुई क्षति की जानकारी दी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजने की मांग की। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार समेत लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और जल संस्थान के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का आकलन शुरू किया।

 

मोहित डिमरी ने कहा कि आपदा ने क्षेत्र के किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा देने तथा क्षतिग्रस्त सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर बहाल करने की मांग की।

 

प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि नुकसान की रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जाएगी और नियमानुसार प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।