देहरादून। उत्तराखंड के खटीमा में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से भाजपा नेता समेत तीन लोगों की मौत के बाद आबकारी विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने पूरे उत्तराखंड में सभी सरकारी ठेकों और गोदामों से शराब की सैंपलिंग कराने के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत शुक्रवार को आबकारी विभाग की कई टीमों ने दिनभर विशेष अभियान चलाया और एक हजार से अधिक शराब के सैंपल एकत्र किए।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एकत्र किए गए सभी सैंपलों की जांच शनिवार से देहरादून स्थित प्रयोगशाला में शुरू की जाएगी। इसके साथ ही आबकारी मुख्यालय की ओर से दो वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम स्थलीय जांच के लिए खटीमा भेजी गई है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा सके। गौरतलब है कि खटीमा में भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों ने एक विशेष ब्रांड की शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनके पेट में तेज जलन शुरू हुई और कुछ ही समय में उनकी हालत बिगड़ गई। इलाज से पहले ही तीनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद ठेकों पर मिलावटी शराब की आपूर्ति को लेकर गंभीर आरोप सामने आए। हालांकि, प्रारंभिक जांच में एक अलग ही कहानी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि शराब में मिलाने के लिए जिस पानी का इस्तेमाल किया गया, वह एक केमिकल की कैन में भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी केमिकल युक्त पानी के कारण शराब जहरीली हो गई और यह हादसा हुआ। इस पहलू की भी गहनता से जांच की जा रही है।