May 01, 2026

केदारनाथ धाम यात्रा: विषम हिमालयी परिस्थितियों में भी सुरक्षा का मजबूत कवच, हर मोर्चे पर मुस्तैद प्रशासन

post-img

रूद्रप्रयाग। पवित्र केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष भी सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं और उच्च हिमालयी दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें दिन-रात पूरी मुस्तैदी के साथ सेवाओं में जुटी हैं, ताकि हर यात्री को सुरक्षित और सहज यात्रा अनुभव मिल सके।

यात्रा को निर्बाध बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पूरे यात्रा मार्ग—सोनप्रयाग, गौरीकुण्ड, जंगलचट्टी, भीमबली, छोटी लिनचोली, लिनचोली, रुद्रा प्वाइंट, बेस कैंप, केदारनाथ हेलीपैड से लेकर धाम तक—सुरक्षा और राहत बलों की व्यापक तैनाती की है। हर संवेदनशील बिंदु पर सतर्क निगरानी के साथ त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विभागों के 534 से अधिक कार्मिक 24 घंटे सेवाएं दे रहे हैं। इनमें पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, होमगार्ड, पीआरडी, यात्री पर्यटन मित्र, खच्चर टास्क फोर्स, आपदा मित्र और अन्य सहयोगी टीमें शामिल हैं। साथ ही पीएसी की 3 प्लाटून और 1 सेक्शन भी अतिरिक्त सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।

व्यवस्थाओं की सतत निगरानी हेतु 14 सेक्टर और सब-सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं। प्रशासन का फोकस केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, संचार व्यवस्था की मजबूती और आपदा की स्थिति में त्वरित राहत पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने वाले श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। राहत एवं बचाव टीमें विषम परिस्थितियों में भी सक्रिय रहकर जरूरतमंदों को अस्पताल, हेलीपैड या सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही हैं। कई बार ये टीमें सचमुच देवदूत बनकर जीवनरक्षक भूमिका निभा रही हैं।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, मौसम की जानकारी लेते रहें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बाबा केदार की यह पावन यात्रा सभी के लिए सुरक्षित, सुगम और यादगार बन सके।