विधायक आशा नौटियाल ने भूमि पूजन कर किया निर्माण कार्य का शुभारंभ, कुंड-चमोली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित होगा सफर,
तुंगनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगी बड़ी राहत,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुंड–चमोली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से परेशानी का सबब बने जैबीरी भूधंसाव प्रभावित क्षेत्र के स्थायी उपचार की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक आशा नौटियाल ने जैबीरी में लगभग 20 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से होने वाले ट्रीटमेंट कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस महत्वाकांक्षी कार्य के पूरा होने से राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा मजबूत होने के साथ ही स्थानीय लोगों, पर्यटकों और तुंगनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107ए पर जैबीरी के निकट स्थित यह क्षेत्र वर्ष 2012-13 की भीषण आपदा के दौरान मंदाकिनी नदी के तेज कटाव से प्रभावित हुआ था। नदी के कटाव के कारण राजमार्ग का एक हिस्सा भूधंसाव की चपेट में आ गया था। इसके बाद से ही यह स्थान अत्यंत संवेदनशील बना हुआ है। यहां लगातार बनी रहने वाली भूस्खलन और भूधंसाव की आशंका के चलते स्थानीय नागरिकों के साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
लंबे समय से क्षेत्रवासी इस संवेदनशील स्थान के स्थायी उपचार की मांग कर रहे थे। अब करीब 20.85 करोड़ रुपये की धनराशि से ट्रीटमेंट कार्य शुरू होने जा रहा है, जिससे इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है।
भूमि पूजन के बाद विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि जैबीरी का संवेदनशील क्षेत्र लंबे समय से स्थानीय जनता के लिए चिंता का विषय रहा है। इसका स्थायी समाधान क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग और आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि ट्रीटमेंट कार्य पूरा होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय नागरिकों, यात्रियों और श्रद्धालुओं का सफर पहले से अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।
विधायक ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाना, संवेदनशील मार्गों का स्थायी उपचार करना और आमजन की सुरक्षा एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता है। क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, मंडल अध्यक्ष दलबीर नेगी, सभासद नन्दराम सेमवाल, पूर्व अध्यक्ष गजपाल रावत, तेजप्रकाश त्रिवेदी, विनोद रावत, देवेंद्र प्रसाद, नंदन रावत, योगेंद्र नेगी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
20.85 करोड़ रुपये की लागत से होने वाला यह कार्य जैबीरी के वर्षों पुराने भूधंसाव संकट के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

