Jul 12, 2026

रुद्रप्रयाग पुलिस की सघन चेकिंग जारी, स्कूटी से अवैध शराब ले जा रहा युवक गिरफ्तार

post-img

 

रुद्रप्रयाग। जनपद में अवैध शराब के कारोबार, तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली गुप्तकाशी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी से अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा जनपद के प्रमुख मार्गों, संदिग्ध ढाबों, होटलों तथा अवैध शराब की बिक्री की आशंका वाले स्थानों पर लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी संख्या यूके 13 7613 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से मैकडॉवेल व्हिस्की की 17 बोतलें बरामद हुईं, जिनका परिवहन बिना वैध अनुमति के किया जा रहा था।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोविन शाही पुत्र दुर्गा शाही, निवासी ग्राम जारजी, थाना कालीकाखेतु, जिला जुमला (नेपाल) तथा वर्तमान निवासी सीतापुर, थाना सोनप्रयाग, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई।

पुलिस ने अभियुक्त को मौके पर गिरफ्तार कर अवैध शराब एवं स्कूटी को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में कोतवाली गुप्तकाशी में मु.अ.सं. 25/2026 के तहत धारा 60(1)/72, उत्तराखंड आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब की तस्करी, परिवहन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।