Jun 11, 2026

एसआईआर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, डीएम विशाल मिश्रा ने ली समीक्षा बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

post-img

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को एनआईसी सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत संचालित निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सभी रिटर्निंग अधिकारी (आरओ), सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) तथा निर्वाचन कार्यों से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों और कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य लोकतंत्र की आधारशिला से जुड़ा विषय है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी बूथों पर निर्धारित समयसीमा के भीतर पुनरीक्षण कार्य पूर्ण किए जाएं तथा कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने फार्मों के वितरण एवं संग्रहण कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही मतदाता सूची से संबंधित प्रत्येक गतिविधि का रिकॉर्ड अद्यतन रखने तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।

 

उन्होंने दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में नेटवर्क अथवा तकनीकी समस्याओं को देखते हुए पूर्व नियोजन के साथ कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

 

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसके लिए सभी आरओ एवं एआरओ को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे और सायं 5 बजे तक अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए बूथ स्तर तक प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को गंभीरता से संपादित किया जाए।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन चंद्र जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।