Feb 26, 2026

केदारनाथ यात्रा को लेकर तैयारियों का ग्राउंड रिव्यू, एसपी ने सिरोबगड़ से गौरीकुण्ड तक किया निरीक्षण,

post-img

ड्यूटी प्वाइंट्स और भीड़ नियंत्रण पर फोकस,

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा-2026 को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुश्री नीहारिका तोमर ने जनपद की सीमा सिरोबगड़ से लेकर गौरीकुण्ड तक सम्पूर्ण यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। यात्रा सीजन के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख पड़ावों, पार्किंग स्थलों, हॉल्ट प्वाइंट्स और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। सिरोबगड़, जवाड़ी, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, स्यालसौड़, ककड़ागाड़, कुंड, कालीमठ तिराहा, गुप्तकाशी, फाटा, दगड़िया बैरियर, रामपुर, सीतापुर, सोनप्रयाग और गौरीकुण्ड सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस ड्यूटी प्वाइंट्स का भौतिक सत्यापन किया गया।

एसपी ने निर्देश दिए कि यात्रा काल में चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक डायवर्जन और आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम रणनीति तैयार करने को कहा गया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों के लिए पेयजल, शेल्टर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का आकलन कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

चेक पोस्ट और कोतवाली क्षेत्रों में तैनात होने वाले स्थाई व अस्थाई पुलिस बल की आवासीय व्यवस्था, गुमटी और बैरियर आदि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। यात्रा के पीक सीजन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बैरिकेडिंग, संचार उपकरण और आपदा प्रबंधन किट की जरूरत का खाका तैयार करने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के उपरांत एसपी नीहारिका तोमर ने कहा कि केदारनाथ आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावी यातायात प्रबंधन और सुव्यवस्थित ड्यूटी संचालन के माध्यम से यात्रा को निर्बाध बनाया जाएगा।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक/यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र सहित संबंधित थाना व कोतवाली प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।