Jun 25, 2026

फाटा पुलिस ने अवैध शराब के साथ युवक को दबोचा, पांच पेटी शराब बरामद

post-img

 

 

रुद्रप्रयाग। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फाटा चौकी पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच पेटी शराब बरामद कर परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया है।

 

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान फाटा चौकी पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने स्कूटी संख्या UK07DS-9715 को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से मैकडॉवेल व्हिस्की की 12 बोतल और 96 पव्वे अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा पांच पेटी के बराबर बताई गई है।

 

पुलिस ने मौके से आशीष कुमार पुत्र शिवलाल, निवासी तालजामण, पोस्ट बड़ेथ, कोतवाली गुप्तकाशी, जनपद रुद्रप्रयाग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली गुप्तकाशी में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।