govt-ads

संयुक्त निरीक्षण के बाद भी अधर में बिजराकोट–पुडियास–ध्युका मोटर मार्ग का निर्माण, जिपंस ने मंत्री से लगाई गुहार,

Blog
 Image

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी को सौंपा ज्ञापन, पीएमजीएसवाई और वन विभाग की लंबित कार्रवाई शीघ्र पूरी कराने की मांग,

रुद्रप्रयाग। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के दावे विभागीय कार्यप्रणाली के चलते सवालों के घेरे में हैं। बिजराकोट–पुडियास–ध्युका मोटर मार्ग का मामला इसका उदाहरण है। पीएमजीएसवाई और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण किए जाने के बावजूद सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। इससे क्षेत्रीय ग्रामीणों को अब भी सड़क सुविधा का इंतजार करना पड़ रहा है।

 

मामले को गंभीरता से उठाते हुए वार्ड सारी के जिला पंचायत सदस्य (जिपंस) जयवर्धन कांडपाल ने कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक भरत सिंह चौधरी को ज्ञापन सौंपकर मोटर मार्ग निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई कराने की मांग की है।

 

जिपंस जयवर्धन कांडपाल ने बताया कि बिजराकोट–पुडियास–ध्युका मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर पूर्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और वन विभाग की संयुक्त टीम स्थलीय निरीक्षण कर चुकी है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य को लेकर कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है। संबंधित विभागों में आवश्यक प्रक्रियाएं लंबित होने के कारण सड़क निर्माण का मामला अधर में लटका हुआ है।

उन्होंने कहा कि उक्त मोटर मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन, जरूरी कार्यों और अन्य सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मोटर मार्ग का निर्माण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

 

उन्होंने कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी से मांग की कि पीएमजीएसवाई और वन विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर संयुक्त निरीक्षण के बाद लंबित विभागीय प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। साथ ही सड़क निर्माण का रास्ता साफ कर कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए ठोस पहल की जाए, ताकि लंबे समय से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को राहत

मिल सके।