Jul 21, 2026

हरेला अभियान के तहत रुद्रप्रयाग में शुरू हुआ 'एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं' अभियान,

post-img

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्वयं पुस्तक दान कर किया शुभारंभ, जनपदवासियों से जुड़ने की अपील,

रुद्रप्रयाग। हरेला अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ज्ञान संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं' अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्वयं एक पुस्तक दान कर इस अभिनव पहल की शुरुआत की और जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार हरेला पर्व पर पौधारोपण कर प्रकृति को समृद्ध बनाने का संकल्प लिया जाता है, उसी प्रकार पुस्तक दान कर समाज में ज्ञान का प्रसार भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक अच्छी पुस्तक न केवल किसी व्यक्ति के जीवन की दिशा बदल सकती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का माध्यम भी बनती है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी पसंद की कम से कम एक पुस्तक दान करे, तो जनपद में ज्ञान का एक विशाल भंडार तैयार किया जा सकता है। इसका लाभ विद्यार्थियों, युवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों तथा आम नागरिकों को लंबे समय तक मिलेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तकों का महत्व समय के साथ कभी कम नहीं होता। पुस्तकें ज्ञान, संस्कार, अनुभव और विचारों की अमूल्य धरोहर हैं, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी समाज का मार्गदर्शन करती हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पुस्तक दान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने, ज्ञान साझा करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का भी प्रयास है।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक उपयोगी एवं प्रेरणादायी पुस्तक अवश्य दान करे। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेगा और जनपद में ज्ञान के प्रति नई चेतना का संचार होगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।