Aug 10, 2026

एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं अभियान को मिली नई गति

post-img

आरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने डीएम विशाल मिश्रा को भेंट कीं आठ प्रेरणादायक पुस्तकें,

 

रुद्रप्रयाग। जिले में ज्ञान के प्रसार और युवाओं में अध्ययन की प्रवृत्ति विकसित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर संचालित ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने जिलाधिकारी को आठ प्रेरणादायक एवं उपयोगी पुस्तकें भेंट कर अभियान को गति प्रदान की।

भेंट की गई पुस्तकों को कलेक्ट्रेट स्थित पुस्तकालय में रखा जाएगा। इन पुस्तकों का लाभ अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही आमजन भी उठा सकेंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पुस्तक दान के लिए प्रेरित कर जिले में एक समृद्ध एवं उपयोगी पुस्तकालय विकसित करना है।

इस अवसर पर आरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि पुस्तकें किसी भी समाज की बौद्धिक उन्नति और प्रगति की आधारशिला होती हैं। पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देकर युवाओं में ज्ञान, चिंतन और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पुस्तक दान करे तो सामूहिक प्रयास से जिले में ज्ञान का एक विशाल भंडार तैयार किया जा सकता है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आरटीओ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अभियान के तहत प्राप्त पुस्तकें लोगों के व्यक्तित्व विकास, वित्तीय साक्षरता, नेतृत्व क्षमता और ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पुस्तकें दान करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तकों का दान केवल एक पुस्तक का दान नहीं, बल्कि ज्ञान और विचारों के प्रसार की दिशा में किया गया महत्वपूर्ण योगदान है। सामूहिक सहभागिता से इस अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।