रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यशैली, जनकल्याणकारी दृष्टिकोण और प्रभावी नेतृत्व क्षमता के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित फेम इंडिया मैगजीन द्वारा जारी ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ की सूची में उन्हें देश के शीर्ष 50 उत्कृष्ट जिलाधिकारियों में स्थान मिला है। यह उपलब्धि न केवल रुद्रप्रयाग बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
फेम इंडिया मैगजीन ने एशिया पोस्ट सर्वे एजेंसी के सहयोग से देशभर के लगभग 800 जिलों में कार्यरत जिलाधिकारियों के कार्यों का व्यापक मूल्यांकन कर यह सूची तैयार की है। सर्वेक्षण में विशेषज्ञों की राय, जमीनी रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण, प्रशासनिक उपलब्धियों और जनसरोकारों से जुड़े कार्यों को आधार बनाया गया।
सर्वेक्षण के दौरान प्रशासनिक दक्षता, प्रभावी गवर्नेंस, नवाचार, दूरदर्शिता, जवाबदेही, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन, संवेदनशील नेतृत्व, जनसंवाद कौशल और विकासोन्मुख सोच जैसे दस प्रमुख मानकों पर जिलाधिकारियों का मूल्यांकन किया गया। इन सभी कसौटियों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को ‘कुशल प्रबंधक’ श्रेणी में विशेष स्थान प्राप्त हुआ।
रुद्रप्रयाग में अपने कार्यकाल के दौरान डीएम विशाल मिश्रा ने विशेष रूप से श्री केदारनाथ धाम यात्रा के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को प्राथमिकता दी। यात्रा सीजन से पूर्व हेलीपैडों की सुरक्षा व्यवस्थाओं, अग्नि सुरक्षा मानकों, आपदा प्रबंधन तैयारियों तथा यात्री सुविधाओं का व्यापक निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए। उनकी सक्रिय निगरानी और योजनाबद्ध कार्यशैली के चलते यात्रा प्रबंधन को नई मजबूती मिली।
इसके अलावा उन्होंने महिला सशक्तिकरण और स्थानीय आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। केदारनाथ हेलीपैड क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों के लिए विक्रय केंद्र स्थापित कर स्थानीय उत्पादों को नया बाजार उपलब्ध कराया, जिससे तीर्थाटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के बीच मजबूत संबंध स्थापित हुआ।
आपदा प्रबंधन, तीर्थयात्रा संचालन, जनसुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण और प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। उनकी यह उपलब्धि दर्शाती है कि समर्पित नेतृत्व, नवाचार और जनहितकारी सोच के माध्यम से सीमित संसाधनों वाले पर्वतीय जनपद भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
फेम इंडिया की प्रतिष्ठित सूची में स्थान प्राप्त कर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने एक बार फिर साबित किया है कि जनसेवा, नवाचार और प्रभावी प्रशासन का संगम ही उत्कृष्ट नेतृत्व की वास्तविक पहचान है।