Jun 29, 2026

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में डीएलआरसी की बैठक संपन्न, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर,,

post-img

रुद्रप्रयाग। जिला सभागार में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) की वित्तीय वर्ष 2025-26 के मार्च त्रैमास तक की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों, लीड बैंक अधिकारी, बैंक नियंत्रकों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रबंधकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान बैंकों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बैंकों और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिए कि बैंक एवं विभिन्न विभाग आपसी तालमेल और सहयोग के साथ कार्य करें, ताकि स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन, ऋण वितरण तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही योजनाओं के संचालन में आने वाली समस्याओं की समयबद्ध पहचान कर उनका समाधान करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग सामूहिक प्रयासों के साथ कार्य करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके और जनपद के समग्र विकास को गति मिले। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऋण संबंधी प्रकरणों का सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों को जिलाधिकारी द्वारा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार, लीड बैंक अधिकारी अरुण सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.एस. मलेठा, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।