रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक धीरेंद्र प्रताप ने रुद्रप्रयाग के जाने-माने राज्य निर्माण आंदोलनकारी एवं उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता सूरज नेगी के पिता पूर्व सैनिक उदय सिंह नेगी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
86 वर्षीय उदय सिंह नेगी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका देहरादून स्थित जॉलीग्रांट अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। बुधवार को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र सूरज नेगी ने उन्हें मुखाग्नि दी।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि उदय सिंह नेगी ने अपनी युवावस्था में भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा की। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए आंदोलन को अपना सहयोग दिया। राज्य निर्माण के बाद भी वे नए राज्य को एक आदर्श राज्य बनाने के लिए सामाजिक जीवन में सक्रिय रहे। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी, कांग्रेसजन एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और धीरेंद्र प्रताप की ओर से चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के हरिद्वार नगर अध्यक्ष सुरेंद्र सैनी ने दिवंगत उदय सिंह नेगी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उदय सिंह नेगी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।

