Jul 23, 2026

जंतर-मंतर लाठीचार्ज पर भड़की कांग्रेस, रुद्रप्रयाग में मशाल जुलूस निकाल केंद्र सरकार को घेरा

post-img

रुद्रप्रयाग। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में रुद्रप्रयाग में कांग्रेस का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को बल प्रयोग से दबाने का प्रयास किया गया है, जो लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता दिखाने के बजाय उनके साथ कथित लाठीचार्ज किया गया, जिसकी कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला और उनकी आवाज को इसी तरह दबाया जाता रहा, तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और उग्र करेगी। मशाल जुलूस के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों के समर्थन में एकजुटता का संदेश दिया गया।