Apr 14, 2026
govt-ads

रुद्रप्रयाग में बाल विवाह रोका गया, नाबालिग बालिका का भविष्य सुरक्षित

post-img

रुद्रप्रयाग। जखोली विकासखंड अंतर्गत त्यूंखर गांव में प्रस्तावित एक नाबालिग बालिका का विवाह प्रशासन की तत्परता से समय रहते रुकवा दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से बालिका को बाल विवाह जैसी कुप्रथा से बचाते हुए उसका भविष्य सुरक्षित किया गया।

  • प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल को बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन रुद्रप्रयाग को सूचना मिली कि क्षेत्र के एक दूरस्थ गांव में नाबालिग बालिका का विवाह तय किया गया है और जल्द ही उसे संपन्न कराने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग सक्रिय हो गए। बाल कल्याण समिति की सदस्य ममता शैली एवं पूजा त्रिवेदी मौके पर पहुंचीं। वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन से पूजा भंडारी, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रंजना गैरोला और अखिलेश सिंह की टीम भी मौके पर मौजूद रही। स्थानीय पुलिस टीमकृचौकी प्रभारी महेश सिंह रावत, सोमवीर सिंह तथा कांस्टेबल संतोषकृने भी अभियान में सहयोग किया।

संयुक्त टीम ने परिजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसके विरुद्ध लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। समझाइश और आवश्यक सख्ती के बाद परिजन विवाह रोकने के लिए तैयार हो गए, जिसके बाद नाबालिग बालिका का विवाह रुकवा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को सराहनीय कदम माना जा रहा है, जो न केवल एक बालिका के जीवन को सुरक्षित करने में सफल रही, बल्कि समाज में बाल विवाह के खिलाफ एक सशक्त संदेश भी देती है।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है और इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।