एसडीएम की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी और वन विभाग की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण, 1.75 किमी सड़क निर्माण का मामला,
रुद्रप्रयाग। ग्राम पंचायत खरगेड़ के अंतर्गत पालीगाड़–मुरचौंड़ा सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों को दो माह के भीतर आवश्यक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया गया है। सड़क निर्माण को लेकर प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों की समिति ने एसडीएम रुद्रप्रयाग की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। करीब 1.75 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित सड़क के निर्माण को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण से जुड़ी तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताओं पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों की ओर से आवश्यक स्वीकृति संबंधी प्रक्रिया आगामी दो माह के भीतर पूरी करने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद नियमानुसार सड़क निर्माण की कार्रवाई आगे बढ़ाने की बात कही गई।
गौरतलब है कि पालीगाड़–मुरचौंड़ा सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन सहित विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र में आवाजाही सुगम होगी और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण और आश्वासन के बाद ग्रामीणों को सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई होने की उम्मीद जगी है। हालांकि, ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि दो माह के भीतर उनकी मांग पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ऐसे में अब संबंधित विभागों के सामने निर्धारित समयसीमा में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की चुनौती है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान अजय पुंडीर, पूर्व प्रमुख प्रदीप थपलियाल, संघर्ष समिति के अध्यक्ष जसोधर सेमवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन को समयबद्ध तरीके से पूरा कर सड़क निर्माण का रास्ता साफ किया जाएगा।

