Aug 11, 2026

डंगवाल गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री मुन्नी देवी ने पेश की मिसाल, 21 छात्र-छात्राओं को वितरित किए ट्रैक सूट व टी-शर्ट

post-img

रुद्रप्रयाग। समाज में सामुदायिक सहभागिता और विद्यालय के विकास के लिए व्यक्तिगत स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों की मिसाल डंगवाल गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री मुन्नी देवी ने पेश की है। उन्होंने अपने स्वर्गीय सास श्रीमती सुभद्रा देवी एवं ससुर जसपाल सिंह की पुण्य स्मृति में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोरणाधार, डंगवाल गांव के 21 छात्र-छात्राओं को ट्रैक सूट एवं टी-शर्ट वितरित किए। उनके इस प्रयास की विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने सराहना की।

विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुन्नी देवी ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने परिवार की पुण्य स्मृति को विद्यालय के बच्चों से जोड़ते हुए यह पहल की, जिससे अन्य लोगों को भी विद्यालयों के विकास में आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।

विद्यालय के विकास में शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही है। मुन्नी देवी के पति एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने अपने कार्यकाल के प्रथम माह का वेतन विद्यालय में बच्चों के लिए फर्नीचर तैयार कराने के लिए समर्पित किया है। विद्यालय परिवार ने इसे शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की अनूठी मिसाल बताया।

वहीं, विद्यालय में कार्यरत कनिष्ठ सहायक अमित सिंह ने विद्यालय के भौतिक परिवेश को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न माध्यमों से करीब 15 से 16 लाख रुपये के विकास कार्य कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्यालय परिसर को बेहतर बनाने के लिए उनके निरंतर प्रयासों और दिन-रात की मेहनत का परिणाम है कि आज विद्यालय में विद्यार्थियों के पठन-पाठन के लिए आवश्यक भौतिक संसाधन और शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस कार्य में पूर्व ग्राम प्रधान डंगवाल गांव पुरुषोत्तम लाल का भी विशेष योगदान रहा है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विभिन्न कठिनाइयों के बावजूद विद्यालय के छात्र-छात्राएं शैक्षणिक क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन होना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। विद्यालय परिवार ने इसे शिक्षकों, अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

मुन्नी देवी के इस पुनीत प्रयास की खंड शिक्षा अधिकारी जखोली यशवीर सिंह रावत, खंड शिक्षा अधिकारी अगस्त्यमुनि तनुजा देवराड़ी, राइंका सिद्धसौड़ के प्रधानाचार्य संतोष सिंह रावत, विद्यालय प्रबंधन से जुड़े राकेश रावत, रीना देवी, मालती देवी, भूपेंद्र प्रसाद, ग्राम प्रधान रश्मि रावत, पुष्कर सिंह, संदीप सिंह सहित शिक्षकगण शिव सिंह रावत, अरविंद प्रसाद, सोहन, मनीष एवं सोबती सिंह रावत ने सराहना की।

विद्यालय परिवार ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों द्वारा विद्यालयों की आवश्यकताओं को समझते हुए इस प्रकार आगे आना शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही अन्य लोगों को भी सामाजिक दायित्व निभाने के लिए प्रेरित करता है।