11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे बाबा केदारनाथ के कपाट, यात्रा के अंतिम चरण में भी श्रद्धालुओं में उत्साह बरकरार
रुद्रप्रयाग।केदारनाथ धाम में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। बर्फ से ढकी हिमालय की ऊंची चोटियों और धाम के दिव्य वातावरण के बीच श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं। यात्रा के अंतिम चरण में भी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा है। इस वर्ष अब तक 18 लाख 74 हजार 100 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं।
रविवार को भी सुबह से ही केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पैदल मार्ग के साथ ही घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से यात्री धाम पहुंच रहे हैं। बढ़ती ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं में बाबा के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। धाम में अनुकूल मौसम के बीच श्रद्धालु दर्शन के साथ आसपास की बर्फ से ढकी पर्वत चोटियों और प्राकृतिक नजारों का भी लुत्फ उठा रहे हैं।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। धाम में ठहरने, खानपान, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उल्लेखनीय है कि केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर 2026 को भैयादूज के अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है और बाबा केदार के दर्शन के लिए देशभर से यात्री धाम पहुंच रहे हैं।

