रूद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग स्थित तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम में इन दिनों देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रा के साथ तुंगनाथ धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में उत्तराखण्ड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने चोपता से लेकर तुंगनाथ मंदिर तक पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी डॉ. मुरुगेशन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर तैनात पुलिस बल तथा मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को यात्रियों के साथ विनम्र, सहयोगात्मक एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए। अपने भ्रमण के दौरान एडीजी ने स्थानीय पुरोहितों, व्यापारियों तथा विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से आए श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
यात्रा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन, मंदिर समिति एवं अन्य हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। साथ ही मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण हेतु सुव्यवस्थित कतार प्रणाली (क्यू मैनेजमेंट) लागू करने तथा श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुगमता से बाबा तुंगनाथ के दर्शन कर सके।