Apr 05, 2026
govt-ads

चन्द्रापुरी में लक्ष्मण शक्ति लीला का भव्य मंचन, उमड़ा जनसैलाब, रामलीला के नौंवे दिन कलाकारों की शानदार प्रस्तुति

post-img

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। केदार बद्री श्रम सेवा समिति के तत्वावधान में चन्द्रापुरी के हनुमान मोहल्ले में आयोजित रामलीला के नौंवे दिन लक्ष्मण शक्ति लीला का भव्य एवं आकर्षक मंचन किया गया। लीला के दौरान कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

लक्ष्मण शक्ति प्रसंग में मेघनाद द्वारा लक्ष्मण को शक्ति बाण लगने और उनके मूर्छित होने के दृश्य को अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया। हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाने का प्रसंग दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों की भाव-भंगिमाओं और संवाद अदायगी ने सभी को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री शकुन्तला जगवाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं राम भक्त उपस्थित रहे। अतिथियों ने कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए समिति के प्रयासों की प्रशंसा की। रामलीला के सफल आयोजन में समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय युवाओं का विशेष योगदान रहा। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ रामलीला का आनंद लिया। समिति के पदाधिकारियों विलोचना रावत ने बताया कि रामलीला के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने में मदद मिल रही है। रामलीला मंचन के नौवें दिन आरजू गुसाई राम, प्रतिभा नेगी-लक्ष्मण, भगवान सिंह-हनुमान, अनीता चौधरी-रावण, कल्पेश्वरी-मेघनाथ, विजया-कुम्भकरण, प्रेमलता बिष्ट में मंत्री की भूमिका अदा की। जबकि सत्य सिंह रावत, दीपकुंवर गुसाई, राधे अमन नेगी द्वारा संगीत पर साथ दिया जा रहा है तथा संचालन राजवीर सिंह नेगी ने किया। इस मौके पर प्रधान अंजू देवी, संजू देवी, रेखा रावत, जसदेई रावत, सरोजनी खत्री, आशा राणा, आरती नेगी, प्रधानाचार्य अंजू रमोला, पुष्पा, मीना बहुगुणा सहित सैकड़ों रामभक्त मौजूद थे।