रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में तहसील मुख्यालय पर आयोजित तहसील दिवस उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में कुल 10 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 3 शिकायतों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। तहसील दिवस के दौरान भैसगांव के प्रधान धर्मेंद्र जगवाण ने भैसगांव मोटर मार्ग के चौड़ीकरण व डामरीकरण की मांग उठाई। वहीं आगर की तनिष्का, त्यूंखर की इशिता तथा घिमतोली गांव के रजत सहित अन्य ग्रामीणों ने नवोदय विद्यालय में प्रवेश हेतु ग्रामीण क्षेत्र प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा।
उप जिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी ने कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण संबंधित विभागों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।