मनसूना में निःशुल्क नेत्र शिविर में 17 लोगों की जांच, चार का होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में मनसूना में आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर में 17 ग्रामीणों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान चार लोगों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जिनका देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम में निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर देहरादून के सहयोग से आयोजित शिविर में आठ पुरुष और नौ महिलाओं की नेत्र जांच की गई। इनमें से 10 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाएं वितरित की गईं, जबकि चार ग्रामीणों की आंखों में मोतियाबिंद पाया गया। इन सभी का निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इसके लिए विवेकानंद नेत्रालय की टीम रविवार को संबंधित ग्रामीणों को देहरादून लेकर जाएगी।

 

सीएमओ ने बताया कि अगला निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर 11 सितंबर को गुप्तकाशी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविरों से संबंधित जानकारी के लिए ग्रामीण अपने क्षेत्र की आशा फेसिलिटेटर अथवा आशा कार्यकत्री से संपर्क कर सकते हैं।

 

इस दौरान मेडिकल टीम ने नेत्रदान पखवाड़े के तहत जागरूकता सत्र आयोजित कर लोगों को नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी। साथ ही नेत्रों की सुरक्षा और आंखों को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया गया। शिविर में दृष्टिमितिज्ञ सौरभ बर्तवाल, फार्मासिस्ट सौरभ रावत, अनिल कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद

रहे।