Aug 16, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों को वितरित किए 125 ट्रैकसूट, शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर होंगे हरसंभव प्रयास : अमित मैखंडी

post-img

रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सीमांत क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज त्रियुगीनारायण में छात्र-छात्राओं के लिए ट्रैकसूट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण एवं प्रदेश मंत्री भारतीय जनता युवा मोर्चा अमित मैखंडी ने विद्यालय के विद्यार्थियों को 125 ट्रैकसूट वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

 

छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

 

इस अवसर पर अमित मैखंडी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनके स्तर से हरसंभव प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनका मनोबल बढ़ाना और उन्हें शिक्षा, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ शिक्षा प्राप्त कर अपने विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

 

ट्रैकसूट वितरण से विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय परिवार ने इस पहल को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया गया।