देहरादून: सीएम धामी का विपक्ष पर फिर वार, कहा-कांग्रेस पर पास मुद्दा नहीं, राहुल गांधी की राजनीति बनी ‘झूठ की गूंज’

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्षी दल कांग्रेस और सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस के पास अब जनता से जुड़ा कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है। यही वजह है कि राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' जैसे कार्यक्रमों के जरिए देश में भ्रम और झूठ फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी द्वारा समय-समय पर किए गए कई दावे फैक्ट चेक (तथ्य जांच) में पूरी तरह गलत साबित हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की ओर से ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए उठाए जा रहे मुद्दों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार को घेरने के लिए ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह ऐसे विषयों को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है। धामी ने आरोप लगाया कि विपक्ष तथ्यों के बजाय भ्रम और नैरेटिव की राजनीति पर भरोसा कर रहा है। शुद्धिकरण और हवन के प्रकरण को जातिगत मुद्दे से जोड़ने के कांग्रेस के प्रयास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में जानबूझकर भ्रम फैलाने और समाज को बांटने की कोशिश की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था और इसका जातिवाद से कोई संबंध नहीं था। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन को करने वाले भाई स्वयं अनुसूचित समाज से थे। ऐसे में पूरे प्रकरण को जाति से जोड़कर पेश करने का कांग्रेस का नैरेटिव तथ्यों के सामने टिक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे राजनीतिक हथकंडों को समझ रही है। यूआईआईडीबी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था उत्तराखंड में निवेश बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आ रहा निवेश और युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर भी कांग्रेस को रास नहीं आ रहे हैं। धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ प्रदेश के आम लोगों और युवाओं तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ अतिक्रमित सरकारी भूमि को मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। धामी ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से भी कांग्रेस परेशान है। बनभूलपुरा में अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस की कथित चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विपक्ष का दोहरा चरित्र सामने आता है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए देवभूमि की जमीन और उत्तराखंड के मूल स्वरूप की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तराखंड की जमीन को लेकर सरकार किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “देवभूमि की जमीन कोई हरी घास नहीं है कि कोई भी आए, चरकर चला जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की एक-एक इंच जमीन और देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए सरकार पूरी दृढ़ता के साथ काम करती रहेगी। मुख्यमंत्री के इस बयान को आगामी राजनीतिक माहौल के बीच विपक्ष पर सीधा हमला माना जा रहा है।