govt-ads

विद्यालयों में चली जागरूकता की पाठशाला, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और कॅरियर के दिए टिप्स,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद के विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नागरिक कर्तव्यों के साथ ही कॅरियर और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जा रही है।

 

इसी क्रम में जिला पंचायत की कार्य अधिकारी प्राची रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज मालतोली, सहायक आयुक्त राज्य कर बिंध्याचल कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज कंडारा तथा जिला उद्यान अधिकारी राजेश प्रसाद जसोला ने राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रनगर में विद्यार्थियों के साथ संवाद कर विभिन्न विषयों पर जागरूक किया।

 

कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, नागरिक दायित्व और नैतिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रोजगार की संभावनाओं और विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपने आसपास के पर्यावरण और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए।

 

जिला प्रशासन के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 18 अक्टूबर तक जनपद के विभिन्न इंटर कॉलेजों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य को लेकर जागरूकता एवं दायित्वबोध विकसित करना है।