उपचार के दौरान देहरादून के अस्पताल में ली अंतिम सांस, आज संगम घाट पर होगा अंतिम संस्कार
रुद्रप्रयाग। जिला सूचना कार्यालय, रुद्रप्रयाग में कार्यरत तकनीकी सहायक आनंद सिंह बिष्ट का उपचार के दौरान देहरादून स्थित श्री महंत इन्द्रेश अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से सूचना विभाग और सहकर्मियों में शोक की लहर है।
जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा बताया कि आनंद सिंह बिष्ट पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज देहरादून के श्री महंत इन्द्रेश अस्पताल में चल रहा था। बीती रात उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्होंने श्री बिष्ट के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
जिला सूचना कार्यालय की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया कि श्री बिष्ट का निधन कार्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सहयोगी भावना को सदैव याद किया जाएगा। उनके निधन से समस्त सहकर्मियों में गहरा शोक व्याप्त है।
दिवंगत आनंद सिंह बिष्ट का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर रुद्रप्रयाग के संगम घाट पर किया जाएगा। सूचना विभाग ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

