अंकित गैरोला को मिली व्यापार मंडल में कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी
रुद्रप्रयाग। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना ने सोनप्रयाग व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित गैरोला को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्होंने गैरोला को जिला कार्यकारी अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा है। वहीं गैरोला को कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व मिलने पर सभी व्यापारियों ने खुशी व्यक्त की है।
जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना ने बताया कि सोनप्रयाग व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित गैरोला को संगठन में उनके विशिष्ट सहयोग के लिए उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान करने को लेकर जिला महामंत्री चन्द्रमोहन सेमवाल व जिला कोषाध्यक्ष राजेश नेगी की संस्तुति पर जिला कार्यकारी अध्यक्ष पद का दायित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव सोनप्रयाग व्यापार संघ अध्यक्ष अंकित गैरोला सदैव ही व्यापारी हितों के लिए कार्य कर रहे हैं। समय-समय पर व्यापारियों को जागरूक करने के साथ ही देश-विदेश से केदारनाथ यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं की सेवा भी कर रहे हैं। साथ ही सभी व्यापारियों को एकजुट रखते हुए क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उनकी कार्य कुशलता और ईमानदारी को देखते हुए व्यापार मंडल की ओर से उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। वहीं दायित्व मिलने पर अंकित गैरोला ने व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारियों को आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से उन्हें जो दायित्व सौंपे गये हैं, उनका निर्वहन निष्ठापूर्वक किया जायेगा।