रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में दूरस्थ राजकीय इंटर कॉलेज खेड़ाखाल में एक दिवसीय वृत्तिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 83 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर करियर एवं रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुशील तिवारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विषय का चयन कर लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने विभिन्न इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित जानकारी भी विद्यार्थियों को दी।
सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न रोजगार पोर्टलों की जानकारी दी। उन्होंने रोजगार पंजीयन, रोजगार प्रयाग पोर्टल, विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY), भाषा प्रशिक्षण तथा मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना के माध्यम से रोजगार के अवसरों की जानकारी साझा की।
शिविर के दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर ग्रामीण निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता राहुल, मनोज बिष्ट, विद्यालय के प्रधानाचार्य जयकरण सिंह, शिक्षक विनय डिमरी, डीएल शाह, पीएस अछोली, निधि बर्तवाल, विजया जोशी एवं सरोज रावत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

