govt-ads

युवा लेखक सतपाल ने बाबा रामदेव को भेंट की ‘पूरा केदार दर्शन

Blog
 Image

लेखक गाँव में अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक महोत्सव में हुए शामिल, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ से भी की मुलाकात

 

रुद्रप्रयाग। जनपद के युवा लेखक एवं कवि सतपाल ने मंगलवार को देहरादून के थानो स्थित लेखक गाँव में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पतंजलि योगपीठ के संस्थापक योगगुरु बाबा रामदेव से मुलाकात कर अपनी पुस्तक ‘पूरा केदार दर्शन’ भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, प्रख्यात लेखक एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ से भी उनकी मुलाकात हुई। डॉ. निशंक ने युवा लेखक को साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

25 अक्टूबर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक महोत्सव में 60 देशों के साहित्यकारों ने सहभागिता की। महोत्सव के दौरान विभिन्न देशों से आए साहित्यकारों को सम्मानित किया गया तथा कई पुस्तकों का विमोचन भी हुआ। आयोजन में साहित्य, संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़े विषयों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिला।

 

युवा लेखक सतपाल के लिए अपनी पुस्तक ‘पूरा केदार दर्शन’ बाबा रामदेव को भेंट करना विशेष अनुभव रहा। यह पुस्तक रुद्रप्रयाग जनपद की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को सामने लाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इसमें केदारनाथ धाम सहित जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों, मंदिरों, तीर्थयात्रा मार्गों और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों से संबंधित जानकारी दी गई है।

 

सतपाल का कहना है कि पुस्तक के माध्यम से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और नई पीढ़ी को उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ साहित्यकारों और प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन युवा रचनाकारों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

 

इस अवसर पर सतपाल ने लेखक गाँव की निदेशक विदुषी निशंक के प्रति भी आभार व्यक्त किया। हिंदी के साथ गढ़वाली भाषा और स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत सतपाल ने कहा कि वह भविष्य में भी साहित्य के माध्यम से उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को व्यापक पहचान दिलाने के साथ हिंदी एवं गढ़वाली साहित्य के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।