शासनादेश जारी होने पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सकीय सेवाओं के विस्तार की जगी उम्मीद,
रुद्रप्रयाग। ऊखीमठ क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ को आवश्यक चिकित्सकीय एवं अन्य पदों के सृजन के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने का शासनादेश जारी होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे स्थानीय जनता के साथ-साथ चारधाम और पंचकेदार यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि ऊखीमठ भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह स्थानीय आबादी के साथ चारधाम यात्रा और पंचकेदार यात्रा से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए भी अहम पड़ाव है। ऐसे में यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बेहद जरूरी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकरण होने से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा और क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ऊखीमठ क्षेत्र की जनता लंबे समय से अस्पताल के उच्चीकरण की मांग कर रही थी। जनहित से जुड़े इस विषय को शासन और सरकार के समक्ष लगातार उठाया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। शासनादेश जारी होना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी ने कहा कि विधायक आशा नौटियाल ने ऊखीमठ अस्पताल के उच्चीकरण के मुद्दे को लगातार शासन और सरकार के समक्ष उठाया तथा इसके समाधान के लिए प्रयास किए। शासनादेश जारी होने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। इससे स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, प्रधान संगठन के महामंत्री मदन भट्ट, मंडल अध्यक्ष दलबीर नेगी, प्रदीप राणा, नीमा देवी, विशाम्बरी देवी, विनोद नेगी, राजेंद्र सिंह, सरिता देवी, आशा देवी, बृजेश पंत, यशोदा देवी और शिशुपाल सिंह सहित दर्जनों क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अब बेहतर उपचार और चिकित्सकों की नियुक्तियों पर टिकी निगाहें
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकरण का शासनादेश जारी होने के बाद अब क्षेत्रवासियों को चिकित्सकीय एवं अन्य आवश्यक पदों पर नियुक्तियों और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी विस्तार की उम्मीद है। स्थानीय लोगों के लिए इस पहल की वास्तविक सफलता बेहतर उपचार, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं और जरूरत के समय सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के रूप में सामने आएगी।

