govt-ads

ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुई भगवान मदमहेश्वर की उत्सव डोली

Blog
 Image

गिरिया गांव से ऊखीमठ तक उमड़ा आस्था का सैलाब, 

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत

 

मंगोलचारी में रावल ने अर्पित किया सोने का छत्र, शुक्रवार से शुरू होगी शीतकालीन पूजा और यात्रा

 

ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली गुरुवार को धार्मिक विधि-विधान एवं पौराणिक परंपराओं के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई। डोली के शीतकालीन प्रवास के लिए पहुंचने पर गिरिया गांव से लेकर ऊखीमठ तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया और भगवान मदमहेश्वर के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। डोली के ऊखीमठ पहुंचने के साथ ही मदमहेश्वर घाटी में शीतकालीन धार्मिक गतिविधियों का केंद्र अब ओंकारेश्वर मंदिर बन गया है।

 

इससे पूर्व प्रातःकाल भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने गिरिया गांव से ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। विभिन्न पड़ावों से होते हुए डोली के मंगोलचारी पहुंचने पर रावल भीमाशंकर लिंग ने भगवान मदमहेश्वर को सोने का छत्र अर्पित किया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और भगवान के जयकारों से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान मदमहेश्वर को शीतकालीन गद्दी पर विराजमान किया गया।

 

इस अवसर पर रावल भीमाशंकर लिंग ने मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग के छह माह तक धाम में प्रवास करने के संकल्प का भी विधिवत समापन कराया। अब शुक्रवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा-अर्चना विधिवत शुरू होगी। इसके साथ ही शीतकालीन यात्रा का भी आगाज हो जाएगा।

 

मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने बताया कि इस वर्ष ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में कुल 74,092 तीर्थयात्रियों ने पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीतकालीन प्रवास के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर भगवान मदमहेश्वर के दर्शन करेंगे।

 

इस मौके पर डॉ. केदार लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, मंदिर समिति सदस्य विनीत पोस्ती, प्रह्लाद पुष्वाण, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, टी. गंगाधर लिंग, शिव लिंग, तुंगनाथ मंदिर प्रबंधक प्रकाश पुरोहित, प्रधान मचकण्डी डॉ. गौरव कठैत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हर्षप्रीतम सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कोटमा सोमेश्वरी भट्ट, वेदपाठी, यशोधर मैठाणी, विश्व मोहन जमलोकी, देवानंद गैरोला, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, सह प्रभारी दीपक पंवार, शिवानंद पंवार, भंडारी मदन सिंह पंवार, प्रेम सिंह रावत सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।