पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी कराए जा रहे स्वीकृत,
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में समाज कल्याण विभाग की ओर से तीनों विकासखंडों में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवेदन, पंजीकरण, पात्रता एवं आवश्यक औपचारिकताओं के संबंध में जागरूक कर रहे हैं।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन समेत केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया और उनसे मिलने वाले लाभ के बारे में भी विस्तार से बताया जा रहा है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि गत सप्ताह जनपद के तीनों विकासखंडों में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान संचालित किया गया। इस दौरान अटल आवास योजना के अंतर्गत नौ नए आवेदन स्वीकृत किए गए। वहीं वृद्धावस्था पेंशन के 80, विधवा पेंशन के 42 और दिव्यांग पेंशन के 15 आवेदन स्वीकृत अथवा अग्रसारित करने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत तीन विधवा महिलाओं के आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से पूर्ण कराई गई हैं।
विभाग का कहना है कि डोर-टू-डोर अभियान का उद्देश्य योजनाओं से वंचित पात्र लोगों तक सीधे पहुंच बनाना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय टीमों द्वारा लगातार संपर्क अभियान जारी रखा जा रहा है।

