लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से कमर कस लें कार्यकर्ता: कंडवाल
30 मई से शुरू होगा भाजपा का महा जनसंपर्क अभियान
भाजपा कार्यालय में रुद्रप्रयाग विधानसभा के सात मंडलों की कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक
रुद्रप्रयाग। विधानसभा रुद्रप्रयाग के सात मंडलों की कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक में कार्यकर्ताओं से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। मोदी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर जनपद में व्यापक स्तर पर महाजनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

भाजपा कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित बैठक में मुख्य वक्ता प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी ऋषि कंडवाल ने भाजपा पूरे देश मे महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। 30 मई से शुरू होने वाले महा जनसंपर्क अभियान के तहत कुल 14 कार्यक्रम किए जाएंगे। कहा कि पीएम मोदी के नौ साल देश के लिए बेमिसाल रहे हैं। 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर देश के पीएम डिजिटल माध्यम से सभी बूथों के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उन्होने कहा कि पार्टी के हर एक कार्यकर्ता को एक सैनिक की तरह उनके इस कार्य मे अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करना है। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से हर शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ प्रभारी एवं पन्ना प्रभारी को सरकार के कार्यों को जनता के सामने रखना है। विधायक भरत सिंह चौधरी ने विस क्षेत्र के अन्तर्गत राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के संबंध मे विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा ,स्वास्थ्य, रोजगार, यातायात, पेयजल, विद्युत के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। आगे भी विस क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए उनका प्रयास जारी है।

जिलाध्यक्ष महावीर सिंह पंवार ने पिछले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए आगे के महाजनसंपर्क अभियान के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। जिला संयोजक एवं मन की बात कार्यक्रम के विधानसभा संयोजक भारत भूषण भट्ट ने विधानसभा क्षेत्र मे अभियान के लिए बनाई गई समितियों एवं आगामी होने वाले मन की बात कार्यक्रम पर चर्चा की। बैठक मे जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, अभियान के विधानसभा संयोजक भूपेन्द्र भंडारी, जिला टोली सदस्य दरमियान जखवाल, त्रिलोक सिंह रावत, सतेन्द्र सिंह बत्र्वाल, सरला खण्डूरी, पार्वती गोस्वामी, घनश्याम पुरोहित, सुरेन्द्र बिष्ट, सुरेन्द्र जोशी, सुनील नौटियाल, शशि नेगी, कुलवीर सिंह रावत, राजेन्द्र लाल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।




